मेरे बारे में

यह ब्लॉग खोजें

रविवार, 2 अगस्त 2020

मित्रता

      ‘ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे, यारी है ईमान मेरा, तेरे जैसा यार कहाँ, सलामत रहे दोस्ताना हमारा, मेरी दोस्ती मेरा प्यार, आया मौसम दोस्ती का, इमली का बूटा, हम दोनों हैं अलग-अलग, सात अजूबे इस दुनिया में, ए यार तेरी यारी दोस्तों! बॉलीवुड फिल्मों के ये दोस्ती के सदाबहार नगमें भुलाए नहीं भूलते हैं। हमेशा नए और अपने से लगते हैं। सच्ची और पक्की यारी-दोस्ती भी ऐसी ही होती है। जितनी पुरानी होती जाती है, उतनी ही खास, दिल के करीब और मन की गहराइयों में उतरती चली जाती है।

       आज अगस्त का पहला रविवार दोस्ती को मनाने का ही दिन है। आज अंतराष्ट्रीय मित्रता दिवस है। इसकी शुरुआत 1958 में दक्षिणी अमेरिका के एक गणराज्य पराग्वे से हुई। वहाँ इसका विचार 20 जुलाई 1958 को प्रस्तावित किया गया था। पराग्वे सहित कुछ अन्य देश भी इसे 30 जुलाई को हर साल मनाते हैं। भारत सहित विश्व के अनेक देशों में इसे अगस्त के प्रथम रविवार को मनाया जाता है।

       मित्रता की जब बात आती है तो कृष्ण-सुदामा, राम-सुग्रीव, कर्ण-दुर्योधन का नाम जरूर आता है। द्वारिका के राजा कृष्ण ने गरीब ब्राहमण सुदामा के 2 मुट्ठी तंडुल के बदले अपना आधा राज्य उसके नाम कर दिया था, राम ने बाली को मारकर सुग्रीव को राजा बनाया था और कर्ण ने मित्रता की खातिर सब कुछ जानते हुए भी महाभारत के युद्ध में दुर्योधन का साथ दिया था।

       मित्रता के बारे में संस्कृत में भी कहा गया है कि-

                     जाड्यम् धियो हरति, सिंचति वाचि सत्यम्।

                     मानोन्नतिम् दिशति पापमपा करोति।।

       अर्थात् अच्छे मित्रों का साथ बुद्धि कि जटिलता को हर लेता है, हमारी बोली सच लगने लगती है। इससे मान और उन्नति बढ़ती है और पाप मिट जाते हैं।

                     चंदनम् शीतलं लोके, चंदनादपि चंद्रमा:।

                     चन्द्र चंदनयोर्मध्ये, शीतला साधु संगति:॥

       अर्थात् इस दुनिया में चन्दन को सबसे अधिक शीतल माना जाता है, पर चंद्रमा चन्दन से भी शीतल होता है। लेकिन एक अच्छा मित्र चंद्रमा और चन्दन दोनों से भी शीतल होता है।

       अंत में यही कहूँगी कि माता-पिता, भाई-बहन आदि रिश्ते ईश्वर स्वयं निर्धारित करता है, परंतु मित्र का चुनाव हम स्वयं करते हैं। इसलिए सच्चे और अच्छे मित्र की पहचान करके ही मित्रता की राह पर आगे कदम बढ़ाएँ।


सीमा शर्मा 


एक सच्चा दोस्त अच्छा पथ-प्रदर्शक भी होता है। 


5 टिप्‍पणियां:

महा टीकाकरण अभियान (MEGA VACCINATION PROGRAMME)

  वैक्सीन लगवाओ ए दोस्तों , कोविड भगाओ ए दोस्तों। आगे आओ ए दोस्तों , भ्रम न फैलाओ ए दोस्तों।   वैक्सीन जो तुम लगवाओगे , कोरोना को त...