मेरे बारे में

यह ब्लॉग खोजें

बुधवार, 12 अगस्त 2020

अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस

    बच्चा जब जन्म लेता है, तब से लेकर उसकी मृत्यु तक वह कई अवस्थाओं से होकर गुजरता है, जैसे- शैशवावस्था, बाल्यावस्था, किशोरावस्था, युवावस्था, प्रौढ़ावस्था और वृद्धावस्था। इन सभी अवस्थाओं में देश को उन्नति के पथ पर ले जाने वाली अवस्था है- युवावस्था। इसलिए इस अवस्था का महत्त्व अन्य सभी अवस्थाओं से अधिक महत्त्वपूर्ण माना गया है। यह अवस्था सामान्यतः 18–40 वर्ष तक की आयु मानी जाती है।

    युवा किसी भी देश की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं और सौभाग्य से आज भारत के पास यह बड़ी शक्ति उपलब्ध भी है। यह शक्ति किसी भी समाज, देश यहाँ तक कि विश्व की दिशा भी बदल सकती है। इसीलिए कुछ विद्वानों एवं प्रबुद्ध गणों द्वारा 12 अगस्त को अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस को प्रारम्भ किया गया। संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा सन् 1985 को अंतर्राष्ट्रीय युवा वर्ष घोषित किया गया था, परंतु पहली बार इसका आयोजन वर्ष 2000 में किया गया था। तब से प्रत्येक वर्ष 12 अगस्त को अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया जाता है।

    आज भारत के पास सबसे अधिक युवा शक्ति है। यहाँ की लगभग दो तिहाई जनसंख्या युवा है, अर्थात् आज भारत में सम्पूर्ण विश्व को सही दिशा में ले जाने की ताकत है। आवश्यकता है तो बस यहाँ के युवाओं को सही दिशा-निर्देश की, पथ-प्रदर्शन की। स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि-अपनी शक्ति का सही उपयोग करके हम विश्व में एक मिसाल बन सकते हैं। स्वामी विवेकानंद जी स्वयं भी भारत के ही नहीं अपितु सम्पूर्ण विश्व के लिए एक दिव्य युवा थे, इनकी दिव्यता की ज्योति आज भी सभी युवाओं के दिलों में देदीप्यमान है और सबसे बड़ी प्रेरणा है। इसीलिए इनकी जयंती अर्थात् 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है।

    अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस को मनाने का उद्देश्य है कि देश का युवा आत्म-निर्भर बने, परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियाँ समझे। वह अपनी उन्नति के साथ-साथ आर्थिक रूप से, तकनीकी रूप से, सैनिकी शक्ति इत्यादि के रूप में देश की भी उन्नति करे। इन सबके लिए युवाओं को सही दिशा के साथ-साथ उचित संस्कारों का भी मिलना आवश्यक है। यह दिवस मनाते हुए उन्हें यह सिखाने की आवश्यकता है कि किस तरह सम-सामयिक समस्याओं तथा अन्य किसी भी तरह के मुद्दों पर एक साथ मिलकर कार्य करना चाहिए, जिससे जल्दी से जल्दी उन समस्याओं से देश को मुक्ति मिल सके।

आज के युवाओं की एक अच्छी पहल आने वाली युवा पीढ़ी के सामने एक आदर्श प्रस्तुत कर सके और उनका उचित मार्ग-दर्शन भी कर सके। इसी सु-आशा के साथ दो पंक्तियाँ कहते हुए अपनी बातों को विराम देना चाहूंगी-

युवाओं अपनी शक्ति पहचानो, ऊर्जा तुम्हारी अनुपम है।

संस्कारों के साथ विश्व में, लहराना तुम्हें परचम है।

सीमा शर्मा  

भारत की युवा शक्ति

6 टिप्‍पणियां:

  1. Very motivating....I hope the youth don't falter and help India become Visva Guru

    जवाब देंहटाएं
  2. प्रेरक प्रसंग । आत्मनिर्भर भारत अभियान में युवाओं की सकारात्मक भागीदारी भारत को नई ऊंचाईयों पर स्थापित कर सकता है। जय हो

    जवाब देंहटाएं

महा टीकाकरण अभियान (MEGA VACCINATION PROGRAMME)

  वैक्सीन लगवाओ ए दोस्तों , कोविड भगाओ ए दोस्तों। आगे आओ ए दोस्तों , भ्रम न फैलाओ ए दोस्तों।   वैक्सीन जो तुम लगवाओगे , कोरोना को त...