मेरे बारे में

यह ब्लॉग खोजें

गुरुवार, 23 जुलाई 2020

तीज का त्योहार

तीज का त्योहार अपने संग हरी-हरी चूड़ियाँ, लाल-लाल मेहंदी रचे हाथ, हरी चुनरी, घेवर वाली मिठाई, माँ गौरी की पूजा, मेले, झूले, तीज की सवारी आदि न जाने कितनी चीजें लेकर आता है। यह त्योहार हिंदी महीने के श्रावण के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथी को मनाया जाता है। सुहागनों और विशेषतः नवविवाहिताओं के लिए तो ये बहुत ही महत्वपूर्ण होता है। राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश आदि राज्यों में यह मुख्यतः मनाया जाता है। नव विवाहिताओं के लिए मायके से चूड़ी, मेहंदी, कपडे, उपहार, घेवर वाली मिठाई आदि सामग्री भी ससुराल भेजी जाती है।

राजस्थान में तो इस त्योहार की बड़ी धूम रहती है। वहाँ बड़े-बड़े मेले लगते हैं, तीज माता की सवारी निकाली जाती है। तीज से मिलता-जुलता त्योहार यहाँ फाल्गुन माह में गणगौर के रूप में भी मनाया जाता है। इसमें भी गणगौर की बड़ी सवारी और मेले होते हैं। गणगौर और तीज दोनों ही माता पार्वती की प्रतीक हैं। माता पार्वती के समान अखंड सौभाग्यवती रहने का वरदान ही दोनों त्योहारों की समानता है।

कविता की कुछ पंक्तियों के माध्यम से तीज के त्योहार को पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करने का छोटा सा प्रयास कर रही हूँ -

तीज का त्योहार आया, खुशियों की बयार लाया।

झूलों पर पींग बढ़ा सखियों ने, सावन का गीत गाया।

 

चारों ओर हरियाली चादर, फैली हुई है भू पर।

मन मयूर नाच रहा है, पंख फैलाए झूम कर।

हरियाली का हरा रंग, सबके मन को खूब भाया।

तीज का त्योहार आया, खुशियों की बयार लाया।

 

सुहागन गौरी सज-संवर कर, पिया को रिझाने चली।

नवजीवन के स्वप्न सुन्दर, मन में सजाए मखमली।

देख पिया की छवि, गौरी का मुख-मंडल लजाया।

तीज का त्योहार आया, खुशियों की बयार लाया।

 

हरी-हरी चूड़ियों की खनक,  मनमोहक मेहंदी की महक।

रंग महावर का चटख, गौरी रही सब देख चहक।

चूड़ी, मेहंदी, घेवर संग, पीहर से है भाई आया।

तीज का त्योहार आया, खुशियों की बयार लाया।

 

मंगला गौरी से करे ये विनती, दीर्घायु हो जीवनसाथी।

जनम-जनम का साथ हमारा, ज्यों दीपक के संग बाती।

पिया का स्वरुप गौरी ने, मन के मंदिर में है बसाया।

तीज का त्योहार आया, खुशियों की बयार लाया।

 

                                                    सीमा शर्मा

Teej ka jhula


7 टिप्‍पणियां:

महा टीकाकरण अभियान (MEGA VACCINATION PROGRAMME)

  वैक्सीन लगवाओ ए दोस्तों , कोविड भगाओ ए दोस्तों। आगे आओ ए दोस्तों , भ्रम न फैलाओ ए दोस्तों।   वैक्सीन जो तुम लगवाओगे , कोरोना को त...